लखनऊ के सैरपुर के परली गांव में रहने वाले हिमांशु ने अपनी सगी बहन शिवानी का गला घोंट दिया। उसकी मौत हो गई। इसके बाद हिमांशु ने उसके शव को दूसरे कमरे में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। वारदात की जानकारी ग्रामीणों ने रविवार को पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कमरे से गड्ढा खोदकर बाहर निकाला। आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका का संबंध गांव के ही किसी युवक से था। जिस पर आरोपी आपत्ति करता था। इसी बात पर शनिवार शाम को दोनों के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। डीसीपी उत्तरी एसएम कासिम आब्दी के मुताबिक सैरपुर के परली गांव का हिमांशु सिंह पेशे से डाला चालक है। परिवार में उसके अलावा बहन शिवानी रहती थी।
हिमांशु के पिता व मां की मौत पांच साल पहले हो चुकी है। हिमांशु के पिता ने दो शादियां की थी। उसकी सौतेली मां से तीन बेटियां है। जो अलग रहती हैं। वहीं हिमांशु व शिवानी एक ही मकान में रहते हैं। शनिवार देर शाम को हिमांशु नशे की हालत में घर पहुंचा। हिमांशु ने शिवानी के एक युवक से संबंध होने की बात पर आपत्ति की। इस पर शिवानी नाराज हो गई। उससे कहासुनी शुरू कर दी। नशे में धुत्त हिमांशु ने शिवानी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
शिवानी को कमरे में दफनाया
पुलिस के मुताबिक हिमांशु के घर में दो कमरे व किचन हैं। हत्या के बाद उसने शिवानी का शव छिपाने के लिए घर के अंदर ही गड्ढा खोदा। उसमें शव दफना दिया। पूरी रात पास के कमरे में रहा। रविवार सुबह वह घर पर ताला बंद कर निकल गया। दोपहर में वापस आया। हिमांशु कभी अपने घर में ताला नहीं बंद करता था। इस पर गांव के लोगों को संदेह हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू किया। हिमांशु से पूछताछ की तो शुरूआत में वह टालमटोल करने लगा। घर की तलाशी ली तो एक कमरे में मिट्टी खुदी हुई दिखी। जिस पर पुलिस ने सख्ती शुरू की। एक टीम लगाकर गड्ढा खुदवाया तो अंदर से शिवानी का शव निकला। पुलिस ने हिमांशु को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।
Leave a Reply
View Comments