अयोध्या की राम की पैड़ी पर हर रोज हजारों की संख्या में लोग आते हैं और स्नान करते हैं। हाल ही में एक दंपती के पैड़ी में अश्लीलता करने पर स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई थी। अब सरयू की जलधारा में एक युवक का बाइक से स्टंट करते वीडियो वायरल हो रहा है। युवक सिर्फ अंडरवियर में है और नदी में बाइक चला रहा है। आसपास कुछ लोग स्नान कर रहे हैं जिनमें महिलाएं भी हैं।

मामले की जानकारी पर युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने उस पर आठ हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है। एसएसपी प्रशांत वर्मा ने कहा कि मामले में लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होगी। स्टंट करने वाला युवक लाल चंद निवासी रामपुर पुवारी थाना महाराजगंज का रहने वाला है। बता दें कि यहां सरयू घाट पर अक्सर लोगों के डूबने की भी घटनाएं होती रहती हैं। लोगों की इन हरकतों की वजह से प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं।
एसएसपी प्रशांत वर्मा ने इस पर भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या एक सांस्कृतिक एवं धार्मिक केंद्र है। जिले की सुरक्षा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इस संबंध में जो दिशा निर्देश दिए गए हैं उनका पालन होगा। आम जनता को विश्वास दिलाने के लिए समय से सुनवाई होगी। पुलिस खुद जनता से संवाद करेगी। उन्होंने कहा कि जिले में पुलिस की भूमिका मित्र पुलिस की होगी। बता दें कि अयोध्या कोतवाली के नया घाट और लक्ष्मण घाट चौकी के बीच का क्षेत्र राम की पैड़ी कहलाता है।
Leave a Reply
View Comments